मैनपुरी। प्रधानमंत्री आवास बनने के बाद योजना की पट्टिका न लगाने पर 28 आवासों की अंतिम किस्त रोक दी गई है। जिला नगरीय विकास अभिकरण ने अपूर्ण आवास मानकर यह निर्णय लिया है। आवास बनाने में मानकों के पूरा नहीं होने पर वसूली करने की चेतावनी दी गई है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में 146 आवास बनाए गए हैं। आवास बनाने के लिए ढाई लाख रुपये लाभार्थी को दिए जाते हैं। 28 लाभार्थियों को सिर्फ दो किस्त ही दी गई हैं। उनकी अंतिम किस्म 50 हजार रुपये की रोक दी गई है। अंतिम किस्त पाने से पहले लाभार्थी को अपने मकान पर योजना की पट्टिका लगवाना जरूरी होता है। उक्त 28 लाभार्थियों ने पट्टिका लगाने से इनकार कर दिया है। ऐसे में विभाग ने आवासों का निर्माण अपूर्ण माना है। लाभार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह पट्टिका लगाएं, अन्यथा की स्थिति में आवास निर्माण के लिए दी गई धनराशि की रिकवरी की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवास पूर्ण होने पर योजना की पट्टिका लगवाना जरूरी है। पट्टिका का सत्यापन होने के बाद ही अंतिम किस्त जारी की जाती है। पूरे बन चुके आवासों के लाभार्थियों को चेतावनी देकर पट्टिका लगवाने के लिए समय दिया गया है।
आरके सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा