आगरा। एक ओर गैस सिलिंडर की किल्लत से जनता त्रस्त है, तो दूसरी ओर पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) के लिए हजारों लोग ग्रीन गैस के संजय प्लेस स्थित कार्यालय के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। शहर में नूरी गेट से लेकर मारुति एस्टेट, सुभाष नगर, सुलहकुल नगर और गोकुल नगर आदि पॉश कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछ चुकी है, लेकिन कनेक्शन अब भी अधर में हैं। कई स्थानों पर तो मीटर लगने के बावजूद सप्लाई शुरू नहीं की गई है।
30 हजार आवेदन, आश्वासन सिर्फ 5 हजार का
ग्रीन गैस ने शहर में पीएनजी आपूर्ति के लिए आधा अधूरा बुनियादी ढांचा तो तैयार कर लिया है, लेकिन उसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा। नूरी गेट पर पेठा इकाइयों में कनेक्शन तो कर दिए गए हैं, पर गैस की आपूर्ति ठप है। सुलहकुल नगर में भी 50 से अधिक घरों में लाइन बिछने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिए गए। वर्तमान में करीब 30 हजार उपभोक्ताओं ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, जिनमें से फिलहाल केवल पांच हजार को ही कनेक्शन देने की बात कही जा रही है। हालांकि, यह प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस पर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।
अधिकारियों के दावे और जनता परेशान
ग्रीन गैस के विपणन प्रबंधक किशन सिंह के अनुसार, जिन क्षेत्रों से कनेक्शन की मांग आई है, वहां सर्वे कराया जाएगा और एक महीने के भीतर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार का कहना है कि पांच हजार उपभोक्ताओं को जल्द कनेक्शन दिलाने के प्रयास जारी हैं।
दूसरी ओर, शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूर्ति विभाग और ग्रीन गैस प्रबंधन, दोनों ही मिलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। बुनियादी ढांचा ही तैयार नहीं। ऐसे में गैस के दावे अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।