आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र में पानी संकट से नाराज लोगों ने रविवार को हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया था। सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने 2500 रुपये चंदा जुटाकर क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कराई, लेकिन सफल नहीं हो सके। जलकल और नगर निगम की लापरवाही से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने फिर आंदोलन की चेतावनी दी है।
टेढ़ी बगिया स्थित माता वाली गली व आस-पास क्षेत्र में 15 दिन से जलापूर्ति ठप है। गर्मी में जलसंकट से जूझ रहे लोगों में भारी आक्रोश है। रविवार को उन्होंने हाथरस रोड पर जाम लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया था, लेकिन 24 घंटे बाद भी क्षतिग्रस्त लाइन ठीक नहीं हो सकी। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि उन्हें 100 रुपये प्रति ड्रम पानी खरीदना पड़ रहा है। 12 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं।
स्थानीय निवासी रामवती और मीना का कहना है कि पानी के बिना रोजमर्रा का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पीने से लेकर नहाने और अन्य जरूरतों के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं, प्रेम कुमारी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पानी खरीदना मुश्किल हो गया है। यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे फिर से सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।