मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र की अंतिम सूची जारी करने से पहले जिलाधिकारी ने प्रस्तावित केंद्र और प्रत्यावेदन करने वाले कॉलेजों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक और शिक्षा विभाग की टीमों ने भौतिक सत्यापन का कार्य तेज कर दिया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2022 के लिए 106 परीक्षा केंद्र की अनंतिम सूची जारी की है। इसके अतिरिक्त 65 कॉलेजों ने परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए प्रत्यावेदन किया है। जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्धारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो इसलिए अंतिम सूची जारी करने से पहले सभी केंद्रों का एकबार फिर से भौतिक सत्यापन कराया जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीमें 106 अनंतिम सूची में शामिल केंद्र व 65 प्रत्यावेदन देने वाले कॉलेजों का भौतिक सत्यापन तीन दिन के अंदर करेंगी। बुधवार से भौतिक सत्यापन का कार्य भी शुरू कर दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि भौतिक सत्यापन के बाद जनपदीय परीक्षा समिति बोर्ड को अंतिम सूची के लिए सूची भेजेगी।