मथुरा-कानपुर रेल ट्रैक के विद्युतीकरण का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है। इसके बावजूद कानपुर ट्रैक पर अभी भी इलेक्ट्रिक ट्रेन नहीं दौड़ रही। रेलवे के अफसर भी ट्रेन दौड़ने की संभावित तिथि से अनजान है। लोगों को अब रेल महाप्रबंधक से इलेक्ट्रिक ट्रेन से सुहाने सफर की उम्मीद है।
मथुरा से कानपुर तक ट्रैक के विद्युतीकरण का काम वर्ष 2016 के रेल बजट में मंजूर हुआ था। इसके बाद रेलवे की कार्यदाई संस्था इरकॉन को विद्युतीकरण के काम का जिम्मा दे दिया गया। इरकॉन ने काफी धीमी गति से काम किया।
मार्च माह तक निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं किया गया। इसके बाद बार-बार जल्द ही काम पूरा करने का भरोसा इरकॉन के अधिकारी रेलवे के अफसरों को देते रहे, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका। मथुरा से कासगंज के बीच भले ही काम पूरा कर दिया हो, लेकिन यहां मात्र एक पैसेंजर ट्रेन ही इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ रही है।
कानपुर अनवरगंज और फर्रुखाबाद के बीच इलेक्ट्रिक काम लटका हुआ है। इससे इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन नहीं दौड़ पा रही। अब शुक्रवार को रेल महाप्रबंधक निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि महाप्रबंधक कोई तिथि निर्धारित कर लक्ष्य तय कर दें।