- आरोपियों ने भागवत के पांडाल में की तोड़फोड़, बरनाहल थाने में दी गई तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव गोपियापुर में बृहस्पतिवार को भागवत कथा समापन के बाद हवन कुंड विसर्जन कर लौटे युवक और अन्य लाेगों को आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। शुक्रवार की सुबह आरोपी पांडाल में आ पहुंचे और तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तहरीर देकर घायलों का मेडिकल कराने और मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
बरनाहल क्षेत्र के गांव गोपियापुर निवासी ताराचंद्र ने बताया कि उनके यहां भागवत कथा सप्ताह का समापन हुआ था। बृहस्पतिवार को वह विसर्जन करने के बाद लौटे थे। वह लोग सामान वापस करने की तैयारी कर रहे थे, तभी वहां खड़े रसूखदार ने कहा कि इन लोगों को पीटो। इसके बाद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। जलती हुई लकड़ी से किए गए हमले में राजेश कुमार का हाथ जल गया। संतोष कुमार को ईंट मारकर घायल कर दिया गया। बीच बचाव करने आए सचिन कुमार को पकड़ कर आरोपी घर में ले गए और बुरी तरह से पीटा। कई जगह उन्हें दांतों से काटा गया।
इस घटना के बाद शुक्रवार की सुबह आरोपी पांडाल में घुस आए और कुर्सियों में तोड़फोड़ करने लगे। रसूखदारों ने पथराव करना शुरू कर दिया। ताराचंद्र ने तहरीर देकर घायलों का मेडिकल कराए जाने और हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।