सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ताजमहल के 500 मीटर दायरे में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की डेडलाइन में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। अब ताजगंज के लोग मुख्य सचिव से मिलकर अपनी समस्या बताएंगे। इधर सुप्रीम कोर्ट में याचिका सोमवार को दाखिल करने की संभावना है। एडीए ने ताज के पास से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हटाने के लिए व्यापारियों को 17 अक्तूबर तक का वक्त दिया है। चेतावनी दी है कि 17 अक्तूबर के बाद प्रतिष्ठानों को जबरन बंद करा दिया जाएगा।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से वार्ता के बाद चीफ सेक्रेटरी दुर्गा शंकर मिश्रा से रविवार शाम 4 बजे लखनऊ में मुलाकात का समय तय किया गया है। ताजगंज वेलफेयर फाउंडेशन और व्यापारियों के साथ यह मुलाकात होगी, जिसमें पूरा ब्योरा पेश किया जाएगा। अपनी समस्याएं बताई जाएंगी।
वहीं ताजगंज डेवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष नितिन सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ताजगंज के प्रभावित लोगों की ओर से याचिका 17 अक्तूबर को दाखिल की जाएगी। उनके अधिवक्ता इसकी तैयारी कर चुके हैं। उनका प्रयास है कि 21 से 30 अक्तूबर तक के अवकाश से पहले याचिका पर सुनवाई हो सके। आगरा के राजनेताओं ने आश्वस्त किया है कि वह आगरा विकास प्राधिकरण और प्रशासन से वार्ता करके राहत दिलाएंगे। मुख्य सचिव से भी रविवार शाम को मुलाकात होगी। वह आगरा के डीएम रह चुके हैं और ताजमहल के हर मुद्दे से वाकिफ हैं।
ये भी पढ़ें - UP News: इस गांव में अब तक कोई नहीं पा सका सरकारी नौकरी, 80 प्रतिशत लोग अशिक्षित, सिर्फ एक ही स्नातक
आज मुख्यमंत्री से लगाएंगे गुहार
ताजगंज प्रकरण को लेकर रविवार को छावनी के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेगा। डॉ. धर्मेश ने बताया कि मुख्यमंत्री के सामने सही तथ्य रखकर प्रदेश सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल की ओर से उच्चतम न्यायालय में दुकानदारों का पक्ष रखने की मांग करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक केशो मेहरा, संघर्ष समिति के अध्यक्ष नितिन कुमार सिंह आदि शामिल रहेंगे।