कोरोना के नए वैरिएंट के संक्रमण को देखते हुए लागू किए गए रात्रि कर्फ्यू में तो पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। मगर, दिन में भीड़भाड़ के समय मास्क के नियम का पालन तक नहीं कराया जा पा रहा है। आगरा के बाजारों में बिना मास्क के चालान तो दूर चेकिंग तक नहीं हो रही है। चार महीने से बगैर मास्क चालान भी बंद है। रविवार और सोमवार को बाजारों में भारी भीड़ रही।
शाहगंज और बेलनगंज में फड़ बाजार लगा हुआ था। इनमें भीड़भाड़ थी। बाजार में शारीरिक दूरी तार-तार हो रही थी। वहीं मास्क भी कम ही लोग पहने हुए थे। यहां पुलिस भी नहीं नजर आई। इसी तरह लोहामंडी, भगवान टाकीज, बोदला में नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। यहां पर खुद पुलिसकर्मी भी बिना मास्क के नजर आए।
जुलाई तक सख्ती से कटे थे चालान
शासन ने बिना मास्क के घर से बाहर निकलने वालों के लिए चालान काटे जाने की व्यवस्था की थी। सौ रुपये से लेकर 500 रुपये तक के चालान काटे गए थे। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की थी। जुलाई में संक्रमण कम होने के बाद चालान कटने बंद हो गए। यह अब तक शुरू नहीं हो सके।