फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: आए दिन जाम में फंसती हैं एंबुलेंस, लोग बोले- मरीजों के लिए हर मिनट कीमती, बनाया जाए ग्रीन कॉरिडोर

Fri, 10 Sep 2021 12:47 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क अमर उजाला, आगरा

सार

जाम की समस्या पर लोगों का कहना है कि एंबुलेंस से अस्पताल जा रहे मरीजों के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है। ऐसे में एंबुलेंस का घंटों तक जाम में फंसना मरीज और उसके परिजनों के लिए मुसीबत से कम नहीं है। लोगों ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस निकालने की व्यवस्था बनाने की मांग की है। 
विज्ञापन
जाम में फंसी एंबुलेंस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ताजनगरी के चारों कोनों पर सड़कों की मरम्मत, निर्माण कार्य और खोदाई के कामों के कारण लोग जाम से जूझ रहे हैं। गुरुवार को हरीपर्वत, वाटरवर्क्स चौराहा और यमुना किनारा रोड सहित शहर में हर ओर जाम लगा रहा। यहां मरीजों को ले जा रहीं एंबुलेंस भी फंसी रहीं। सिकंदरा मंडी, आईएसबीटी और फतेहाबाद रोड पर लगे जाम के कारण वाहन रेंगते रहे। 

विज्ञापन

 
स्थायी बन गई जाम की समस्या पर लोगों का कहना है कि एंबुलेंस से अस्पताल जा रहे मरीजों के लिए एक-एक मिनट कीमती होता है। ऐसे में एंबुलेंस का घंटों तक जाम में फंसना मरीज और उसके परिजनों के लिए मुसीबत से कम नहीं है। लोगों ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस निकालने की व्यवस्था बनाने की मांग की है। 

वाटरवर्क्स फ्लाईओवर
वाटरवर्क्स चौराहे पर फ्लाईओवर बनने के बाद भी जाम की समस्या बरकरार है। बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे फ्लाईओवर पर एंबुलेंस जाम में फंस गई। रोडवेज बसों के बीच सड़क पर रुक जाने से आधा किमी तक जाम लगा रहा। इस दौरान एंबुलेंस करीब एक घंटे जाम में फंसी रही।

विज्ञापन

हरीपर्वत-दिल्ली गेट
हरीपर्वत, बाग फरजाना, दिल्ली गेट, खंदारी और रामनगर नर्सिंग होम का सेंटर है, लेकिन यहां चौराहे पर दोपहर में एंबुलेंस जाम में फंसी नजर आई। दिल्ली गेट की ओर भी पेट्रोल पंप के सामने वाहनों के बीच सड़क पर खड़े होने से आधा घंटे जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस कुछ देर रुकी रहीं।

आईएसबीटी के सामने
आईएसबीटी नेशनल हाईवे पर गैलाना से खंदारी चौराहे के बीच दोनों ओर सुबह से शाम तक के जाम में सिकंदरा क्षेत्र के तीनों प्रमुख अस्पतालों की एंबुलेंस फंस रही हैं। शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच ट्रांसपोर्ट नगर के सामने सर्विस लेन पूरी तरह से जाम रहा।

एक महीने से जूझ रहे जाम से 
मोतीगंज बाजार कमेटी के अध्यक्ष रमन लाल गोयल ने कहा कि एक महीने से ज्यादा समय से हम लोग जाम से जूझ रहे हैं। एंबुलेंस हर दिन ही यहां जाम में फंसी नजर आती हैं। एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर निकाला जा सकता है। मरीज पर तो हर एक मिनट भारी पड़ता है।
विज्ञापन

स्थायी बना दी समस्या
मोतीगंज के जय प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पुराने शहर में जाम की समस्या स्थायी बना दी है। एंबुलेंस फंसने पर उसमें सवार लोगों के दिल पर क्या बीतती है, इसे ध्यान में रखते हुए जाम की समस्या को खत्म करने का प्रभावी प्रयास हो।

ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए
खतैना रोड पीयूष मल्होत्रा ने कहा कि लोहामंडी चौराहे से मदिया कटरा होते हुए निकलना मुश्किल है। चौराहे से मदिया कटरा पुल तक हर रोज जाम जैसे हालात रहते हैं। एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनाया जाए। 

जरूरत पड़ने पर बना सकते हैं ग्रीन कॉरिडोर
एसपी ट्रैफिक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि जिन चौराहों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, वहां पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाते हैं। एंबुलेंस के आवागमन की जानकारी पर पुलिसकर्मी रास्ता साफ कराते हैं। जरूरत पड़ने पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर भी एंबुलेंस को निकलवाया जा सकता है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें