आगरा के कहरई मोड़ स्थित मारुति सिटी रोड चार साल से जर्जर है। बारिश में सड़क तलैया बन जाती है। महीनों तक पानी नहीं सूखता। स्कूली बच्चों से लेकर महिलाओं और बुजुर्गों को मुसीबत झेलनी पड़ती है, जिसके विरोध में रविवार को क्षेत्रीय लोगों ने चुनाव बहिष्कार का एलान करते हुए सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया।
मारुति सिटी सोसाइटी के कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क डूब जाती है। रास्ता निकलना मुश्किल होता है। वाहन पलट चुके हैं। कई लोग गड्ढों में गिरने से जख्मी हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें - टूटा रॉ ऑफिसर से शादी का सपना: मल्टी नेशनल कंपनी की युवती फंसी ऐसे जाल में, गवां बैठी बड़ी रकम
मारुति सिटी सोसाइटी के उपाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कहां-कहां नहीं दौड़े। कोई अधिकारी या नेता ऐसा नहीं जिसके पास नहीं गए, लेकिन सड़क नहीं बनवाई। इसलिए अब वोट नहीं डालेंगे।
मारुति सिटी सोसाइटी के पूर्व सचिव टीएच मैथानी ने कहा कि नगर निगम की सबसे बड़ी लापरवाही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च हो गए, लेकिन यहां चार साल में एक सड़क नहीं बन पाई। यह कैसी स्मार्ट सिटी है।
मारुति सिटी सोसाइटी के सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा ने कहा कि जब तक रोड नहीं बनती वोट नहीं डालेंगे। पिछले चुनाव में हम वोट डालना नहीं चाहत थे, लेकिन सड़क बनने की उम्मीद में मतदान किया। जब विकास नहीं तो वोट क्यो दें।