युवक से जानकारी लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : Amar Ujala
मथुरा के कोसीकलां की ऑफीसर कॉलोनी में शनिवार को एक बीमार युवक के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की खबर सुनते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। लोग आक्रामक हो गए और मरीज को वहां से तुरंत ले जाने के लिए कहने लगे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो युवक क्षय रोग से पीड़ित निकला। इसके बाद अफवाह पर विराम लग सका।
ऑफिसर कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले 35 वर्षीय युवक दिल्ली से एक एंबुलेंस उसके घर छोड़कर गई। एंबुलेंस वालों से पूछताछ में मोहल्ले के लोगों को पता चला कि वो दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से आए हैं।
मरीज को ले जाने की कहने लगे लोग
इसके बाद मोहल्ले में युवक के कोरोना वायरस से पीड़ित होने की अफवाह फैल गई। मोहल्लवासियों ने इसे सच मानकर उसे वहां से चले जाने के लिए आवाज उठानी शुरू कर दी। लोगों ने कहा कि उसे अच्छे व सुरक्षित वार्ड में भर्ती कराया जाए ताकि यह रोग यहां न फैले।
अफवाह की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. गिरेंद्रपाल सिंह ने विभागीय कर्मचारियों की टीम को उसके घर भेजा और मामले की सच्चाई जानने का प्रयास किया।
टीम में साथ गए क्षय रोग सुपरवाइजर अनिल कुमार ने बताया कि उक्त युवक क्षय रोग का मरीज रहा है। काफी समय पहले वो कोसी के केंद्र में भी नामांकित था। उधर, डॉ. गिरेंद्र पाल ने बताया कि मरीज के सभी दस्तावेज जांच के लिए मंगाए गए हैं।
वेटरनेरी विश्वविद्यालय में अवकाश घोषित
कोरोना वायरस के मद्देनजर उत्तर प्रदेश वेटरनेरी विश्वविद्यालय ने 22 मार्च तक अवकाश घोषित कर दिया है। विश्वविद्यालय के सभी हॉस्टल खाली कराए जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं से हॉस्टल छोड़ घर जाने के लिए कह दिया गया है।
विश्वविद्यालय के सहायक रजिस्ट्रार डॉ. ब्रजेश यादव ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार 22 मार्च तक अवकाश घोषित कर दिया है। हालांकि होली का अवकाश होने के कारण अधिकांश छात्र-छात्राएं अभी नहीं आए हैं। उन्हें अवकाश बढ़ाने की सूचना दे दी है।