आगरा। एमजी रोड पर रविवार को यातायात पुलिस ने अन्य विभागों के साथ मिलकर यातायात को सुगम बनाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है। रोड पर खड़े अनावश्यक बिजली खंभे हटवा दिए। सड़क के गड्ढों को भरकर सही किया गया। संकरे स्थान पर फुटपाथ को तोड़कर दोपहिया वाहनों के लिए अतिरिक्त लेन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही दो ट्रांसफार्मरों को भी हटाया जाएगा। इससे यातायात सुगम हो जाएगा। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे
एमजी रोड पर मेट्रो के कार्य के कारण जाम की समस्या से लगातार लोग परेशान हो रहे थे। शनिवार को यातायात पुलिस और मेट्रो अधिकारियों ने सर्वे किया था। रोड इंजीनियरिंग की खामी वाले 19 स्थान चिह्नित किए। रविवार को रोड इंजीनियरों ने बदलाव की कवायद तेज कर दी। लोक निर्माण विभाग ने एमजी रोड के गड्ढों का भरने कार्य शुरू कर दिया। आगरा कॉलेज व अन्य जगहों पर खड़े अनावश्यक खंभों को हटवा दिया है। फुटपाथ को तोड़कर चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया है, जिसमें सुभाष पार्क से ढाकरान और आगरा काॅलेज से सेंट जोंस कॉलेज के पास फुटपाथ को हटाने कार्य होने लगा है।
एसीपी यातायात सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि एमजी रोड पर ऑटो और ई-रिक्शा के प्रतिबंध करने के बाद राहत मिली है। इसका पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जा रहा है। टूरिस्ट बसों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। पिछले तीन दिनों में यातायात नियमों को ताड़ने वाले 5278 वाहनों का चालान और 235 वाहन सीज किए हैं। संवाद
-
ये चौराहे नो पार्किंग जोन घोषित : बसई मंडी, ताज व्यू, फूल सैय्यद, क्लब चौराहा, साईं की तकिया, एसबीआई, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, पुरानी मंडी और जीवनी मंडी चौराहा को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इन पर 50 मीटर के दायरे में अपना वाहन पार्क न करें।