रास्ते में जाते समय यदि आपको कहीं 500 रुपये के नोटों की गड्डी मिल जाए तो लालच आ ही जाएगा, लेकिन जिला अस्पताल में एक महिला के साथ जब ये वाक्या हुआ तो उसने ईमानदारी की ऐसी मिशाल पेश की कि देखने वाले उसकी तारीफ किए बिना नहीं रह सके।
आगरा के जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची मरीज ने ईमानदारी दिखाते हुए नोटों के बंडल अस्पताल प्रशासन के पास जमा करा दिए। इस कार्य पर अस्पताल प्रशासन ने उनकी सराहना की।
विज्ञापन
कोलक्खा निवासी सरोज देवी जिला अस्पताल में दोपहर को इलाज के लिए पहुंचीं थीं। डॉक्टर को दिखाने के बाद काउंटर से दवा लेने के लिए लाइन में लग गईं। वहां पैरों के नीचे उन्हें पॉलिथीन में लिपटा कुछ सामान मिला। खोलकर देखा तो उसमें 500-500 रुपये के बंडल थे।
सरोज देवी ने मुख्य अधीक्षक डॉ. सीपी सिंह को मिले रुपये उपलब्ध करा दिए। प्रमुख अधीक्षक डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि रुपयों के बंडल अस्पताल प्रशासन के पास सुरक्षित हैं। इसका दावा करने वालों की सत्यता परख कर लौटाया जाएगा।