आगरा के श्री पारस अस्पताल मामले में पीड़ितों के बयान दर्ज करने वाले मजिस्ट्रेट एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी भी अवकाश पर चले गए हैं। 10 दिन में यह तीसरे जांच अधिकारी हैं जो छुट्टी पर गए हैं। इनसे पहले 16 मृतकों के मामले की जांच कर रही डेथ ऑडिट कमेटी के चेयरमैन प्रो. बलवीर सिंह छुट्टी पर गए। सबसे पहले अस्पताल को सील करने वाले एसीएमओ डॉ. वीरेंद्र भारती को छुट्टी पर गए थे।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी के नेतृत्व में दो सदस्यीय मजिस्ट्रेटी कमेटी बनाई। कमेटी ने पांच दिन तक जांच की। आठ मृतकों के परिजनों ने बयान दर्ज कराए थे। पीड़ितों ने अस्पताल संचालक को स्वजनों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए ऑक्सीजन कमी से मौतों के आरोप लगाए थे।
संबंधित खबर- श्री पारस अस्पताल प्रकरण: स्वास्थ्य विभाग की भी लीपापोती, 13 दिन में भी पूरी नहीं हो पाई जांच
शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में पीड़ितों के बयानों का अहमियत नहीं मिलने से अधिकारियों की मंशा व जांच के तरीके पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ितों के बयान एडीएम सिटी ने दर्ज किए थे। उन्होंने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी थी। इस मामले से पर्दा उठता उससे पहले ही सोमवार को अचानक एडीएम सिटी छुट्टी पर चले गए। कितने दिन की छुट्टी पर हैं यह स्पष्ट नहीं हैं।