आधार और पैन (पर्मानेंट एकाउंट नंबर) आपस में लिंक न कराना लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। मैनपुरी जिले के 25 हजार बैंक खाताधारकों का ऑनलाइन लेनदेन इसी लापरवाह के चलते रुक गया है। एक अगस्त को बैंकों में पहुंचे लोगों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं हुए तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। अब वे आधार और पैन को लिंक कराने में जुटे हुए हैं।
जिले में चार लाख से अधिक पैन कार्डधारक हैं। इन सभी के लिए आयकर विभाग ने कई साल पहले पैन से आधार लिंक कराना अनिवार्य कर दिया था। इसके लिए समय सीमा बढ़ाई भी गई, लेकिन इसके बाद भी पैन कार्डधारकों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और लापरवाही करते रहे। यही लापरवाही एक अगस्त से 25 हजार पैन कार्डधारकों के लिए भारी पड़ गई।
एक अगस्त से ऐसे सभी बैंक खाताधारकों के ऑनलाइन लेनदेन पर रोक लगा दी गई है। सोमवार और मंगलवार को जब लोगों को ऑनलाइन लेनदेन में परेशानी हुई तो उन्होंने जानकारी जुटाई। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि किस कारण से उनका ऑनलाइन लेनदेन निरस्त हो रहा है।