किशनी। क्षत्रिय समाज को लेकर फेसबुक पर अपमान जनक पोस्ट शेयर की गई। इसकी जानकारी होने के बाद क्षत्रिय समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। शिकायत लेकर युवा मोर्चा क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष व अन्य लोग थाने पहुंचे। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी है।
थाने शिकायत करने पहुंचे युवा मोर्चा क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह उर्फ बॉबी भदोरिया ने प्रभारी निरीक्षक को फेसबुक पर शेयर की गई पोस्ट से अवगत कराया। कहा कि थाना क्षेत्र के नगला दुगई निवासी विवेक कुमार यादव फेसबुक अकाउंट से क्षत्रिय समाज की बहन बेटियों के खिलाफ अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी की है। जिससे क्षत्रिय समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। कहा कि यह टिप्पणी समाज के लाेगों की भावनाओं को भड़काने वाली है। आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। थाने पहुंचे क्षत्रिय समाज के सभी लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग रखी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत करने वालों में राहुल चौहान, सूर्य प्रताप सिंह चौहान, अमित चौहान, अनिल चौहान, अवनीश कुमार सिकरवार, सत्यपाल सिंह आदि शामिल थे।