अधिकारियों के साथ मीटिंग करते आबकारी एवं मद्य निषेद्य मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
आबकारी एवं मद्य निषेद्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा कि मथुरा के अलावा किसी अन्य धार्मिक नगरी या प्रदेश में शराबबंदी की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
मथुरा में भी पूरे जिले में शराबबंदी नहीं होगी, सिर्फ विकास प्राधिकरण की सीमा में आने वाली दुकानें ही बंद की जाएंगी। इसके लिए जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।
गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मथुरा में शराबबंदी के लिए एक प्रस्ताव आया था, जिस पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है। यहां शराब की 32 दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा।
28 दुकानों को शिफ्ट कर भी दिया गया है। इससे 11 करोड़ का राजस्व प्रभावित होगा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद बाबू लाल चौधरी की प्रदेशभर में शराबबंदी की मांग पर आबकारी मंत्री ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है।