कासगंज। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस, सपा सहित अन्य संगठनों ने शुक्रवार को शहर से लेकर देहात तक धरना प्रदर्शन किया। सभी ने एकजुट होकर अमित शाह से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही अलग-अलग अधिकारियों को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मुस्तैद रही।
कांग्रेस पार्टी ने तहसील परिसर में धरना देकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कोमल पवार को सौंपा। निवर्तमान जिला महासचिव अमित पाठक ने गृहमंत्री के बयान की निंदा करते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि संवैधानिक पदाधिकारी द्वारा इस तरह के बयान बेहद अपमानजनक हैं। इस दौरान निवर्तमान शहर कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, मुनेंद्र पाल सिंह राजपूत, रमेश धनगर, झम्मन सिंह लोधी, रामचंद्र मौर्य, कुंवरजीत, शाजिल मियां आदि मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क में धरना दिया। धरने के बाद एसडीएम सदर कोमल पंवार को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने संसद सत्र के दाैरान विवादित बयान दिया है। इससे पता चलता है कि उन्हें संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर से कितना नफरत है। गृहमंत्री को उनके पद से हटाया जाए। सपा प्रदेश सचिव प्रवेंद्र राना, व्यापार सभा प्रदेश सचिव जितेंद्र वार्ष्णेय, युवजन सभा प्रदेश सचिव पुष्पेंद्र यादव, लोहिया वाहिनी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मयंक सिंह ने कहा कि गृहमंत्री ने संविधान निर्माता का अपमान किया है। उन्हें इस्तीफा देते हुए माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख अविनाश, शैलेश यादव, अभय यादव, देव प्रकाश लोधी, गौरव बघेल, चाहत मियां, सोरन सिंह बघेल आदि मौजूद रहे।
पटियाली में सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजेश पहलवान एवं जिला पंचायत सदस्य शाहरुख राज के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंच कर प्रदर्शन कर एसडीएम पटियाली प्रदीप कुमार विमल को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मोहम्मद शाहिद अली, देवेश यादव, रॉकी यादव, रिंकू शाक्य आदि मौजूद रहे।
सहावर में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने तहसील पर प्रदर्शन करने के बाद एसडीएम सहावर को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष प्रेमबाबू गौतम के नेतृत्व में कस्बा के भीम नगर स्थित धरना स्थल पर कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। यहां से अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चौराहे से होते हुआ तहसील परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारी तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए। एसडीएम अंजलि गंगवार और सीओ शाहिदा नसरीन ने धरने में पहुंचकर ज्ञापन लिया। इस दौरान पवन कुमार गौतम, अमरजीत, निशांत, रवि, अंश गौतम, गुलशन आदि शामिल रहे।
ड्रोन कैमरे से की गई निगरानी
कासगंज। गृहमंत्री के बयान के विरोध में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस अलर्ट रही। ड्रोन के माध्यम से कार्यक्रमों की निगरानी की गई। शहर में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती व सीओ सदर आंचल चौहान सहित अन्य अधिकारी पूरी नजर बनाए रहे। वहीं देहात में भी सीओ सहावर शाहिदा नसरीन सहित अन्य अधिकारी मुस्तैद रहे। जगह-जगह पुलिस तैनात रही। संवाद