फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: हड़ताल में बैनामा होने के आदेश...वकीलों ने तैयार की टास्क फोर्स, पीपीपी मॉडल पर भर्ती का विरोध

Wed, 21 May 2025 12:01 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

रजिस्ट्री दफ्तर में 18वें दिन भी हड़ताल रही जारी। वहीं हड़ताल के बीच एआईजी स्टांप ने सीधे बैनामा पंजीयन आदेश दे दिया है। इससे टकराव की स्थिति बन गई है। विरोध में वकीलों ने टास्क फोर्स गठित कर दी है।
विज्ञापन
प्रदर्शन करते वकील। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में रजिस्ट्री दफ्तर में एआईजी (स्टांप) के आदेश से टकराव की स्थिति पैदा होने जा रही है। पीपीपी मॉडल पर भर्ती के विरोध में मंगलवार को भी अधिवक्ता, कातिब व स्टांप वेंडर्स ने काम नहीं किया। थाली-चम्मच बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया। शाम 4 बजे एआईजी (स्टांप) एसके सिंह ने सभी उप निबंधक को हड़ताल में भी बैनामा पंजीयन के आदेश दिए हैं। इसके विरोध में वकीलों ने टास्क फोर्स का गठित कर जवाब देने का दावा किया।
विज्ञापन


बैनामा पंजीयन के विरोध में वकीलों ने 25 सदस्यीय टास्क फोर्स बनाई है और बुधवार को भी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। 18 दिन से जारी हड़ताल के कारण करीब 100 करोड़ राजस्व आय का नुकसान हुआ है। जिले की 6 तहसीलों के 10 रजिस्ट्री दफ्तर हैं, यहां पर एक हजार से अधिक बैनामे अधर में फंसे हुए हैं। जिन पार्टियों ने विक्रेता को अग्रिम भुगतान कर दिया है, उनकी रकम भी डूब सकती है।

सदर तहसील बार एसोसिएशन महासचिव अरविंद कुमार दुबे का कहना है कि सीधे बैनामा पंजीयन के विरोध में अधिवक्ता बुधवार से आंदोलन को उग्र रूप देंगे। एआईजी के निर्णय की निंदा करते हुए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी की तहसीलों से प्रतिनिधियों को बुलाया है। टास्क फोर्स के सदस्य बैनामा करने और कराने वालों पर नजर रखेंगे।
विज्ञापन


पूर्व अध्यक्ष लाल बहादुर राजपूत का कहना है कि रजिस्ट्री दफ्तर में बैनामा के विरोध में कोई टकराव या अनहोनी होगी तो उसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्रीकृष्ण दीक्षित ने कहा सरकार की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हड़ताल में आशू यादव, निशांत चतुर्वेदी, विमल तिवारी, दिव्यांश पांडेय, मान सिंह धाकड़, परमेंद्र त्यागी, देवी सिंह, राजकुमार लवानियां, अंकुर वर्मा, दिनेश भारद्वाज, नितिन शर्मा, जगन प्रसाद तेहरिया, सुधाकर शर्मा, लाखन सिंह, रानी गुप्ता आदि शामिल रहे।

 
विज्ञापन

ये काम पड़े हैं ठप
हड़ताल के कारण तहसील में राजस्व वादों की सुनवाई, नामांतरण के अलावा बैनामा, पावर ऑफ अटार्नी, दानपत्र, अनुबंध, विवाह पंजीकरण, सत्यापित प्रतिलिपियां जारी करने का काम ठप है। इसके अलावा नोटरी और शपथ पत्र भी नहीं बन रहे।

ई-रजिस्ट्री पर होंगे अब ई-हस्ताक्षर
स्टांप एवं निबंधन विभाग के उप सचिव कुलदीप सिंह ने ई-रजिस्ट्री के लिए ई-हस्ताक्षर सुविधा के आदेश जारी कर दिए हैं। एआईजी, डीआईजी और सब रजिस्ट्रार के ई-हस्ताक्षर होंगे। सिंगल विंडो सिस्टम पर ई-रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी।

ऐसे चला आंदोलन
- 3 मई को सदर तहसील दिवस में वकीलों ने कार्य बहिष्कार व प्रदर्शन किया।
- 5 मई को सदर तहसील स्थित रजिस्ट्री दफ्तर में हड़ताल शुरू।
- 8 मई से जिले की सभी 6 तहसीलों के 10 रजिस्ट्री दफ्तरों में बैनामा बंद।
- 12 मई को राजनैतिक व सामाजिक संगठन वकीलों के समर्थन में आए।
- 16 मई को जिलाधिकारी ने हड़ताल में शामिल लोगों के साथ बैठक की।
- 20 मई को एआईजी ने सीधे बैनामा पंजीयन के आदेश जारी कर दिए।


सहायक महानिरीक्षक निबंधन एसके सिंह दस्तावेज लेखक और अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण निबंधन व न्यायिक कार्य बंद है। जन सामान्य को कठिनाई हो रही है। जनता की परेशानी के मद्देनजर कोई भी लेखपत्र प्रस्तुत होने पर उसका पंजीयन किया जाएगा। 

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि किसी व्यक्ति को कोई जबरन काम करने से नहीं रोकेगा। जो स्वेच्छा से काम करना चाहें, वह कर सकते हैं। जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। कानून व्यवस्था खराब करने पर सख्ती से निपटा जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें