कासगंज। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट के न्यायालय ने किशोरी से तमंचे के बल पर दुष्कर्म के मामले को गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने ढोलना पुलिस को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आख्या न्यायालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
ढोलना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 4 सितंबर 2022 को पशुओं को घास लेने के लिए खेत पर गई थी। वहां पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के ही युवक इंद्रपाल ने उसे दबोच लिया। युवक उसे मक्का के खेत में खींच कर ले गया, जहां उसे तमंचे से धमकाकर दुष्कर्म किया। किशोरी ने चीख पुकार मचाई तो आसपास के खेेतों में काम कर रहे ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों के आ जाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। किशोरी ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस उच्चाधिकारियों से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता के पिता ने अधिवक्ता केशव प्रसाद मिश्रा के माध्यम से कोर्ट में वाद दायर किया। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए।