जिनकी उम्र 1 जनवरी 2025 को 18 साल या उससे अधिक हो रही है। उनके लिए मतदाता बनने का मौका है। 29 अक्तूबर से 9 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का पुर्नरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है।
आगरा में नए मतदाता बनने का मौका दिया जा रहा है। इसके लिए 29 अक्तूबर से अभियान शुरू होने जा रहा है। जिनकी उम्र 1 जनवरी 2025 को 18 साल या उससे अधिक हो रही है। वो आवेदन कर सकते हैं। 28 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के संबंध में शनिवार को डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सभी राजनीतिक दलों संग बैठक की।
विज्ञापन
9 व 10 नवंबर को विशेष अभियान
29 अक्तूबर को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिसे देखने के बाद मतदाता अपने नाम, पते व अन्य परिवर्तन करा सकेंगे। जिनके नाम इस सूची में नहीं हैं वह नाम जुड़वाने के लिए फाॅर्म भर सकेंगे। 28 नवंबर तक मतदाता सूची के संबंध में दावे व आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके अलावा नए नाम जोड़ने व हटाने के लिए 9 व 10 नवंबर को विशेष अभियान चलेगा। 23 व 24 नवंबर को सभी बूथों पर बीएलओ आपत्तियां व दावे प्राप्त करेंगे। 6 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
एक बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के निर्देश
एडीएम सिटी अनूप कुमार ने बताया कि सभी राजनीतिक दलों से संक्षिप्त पुर्नरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ पर एक-एक बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जिले में 1723 मतदान केंद्र हैं। 3696 मतदेय स्थल हैं। करीब 35 लाख से अधिक मतदाता हैं। जिनमें 19.12 लाख पुरुष और 16.19 लाख महिलाएं हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 54,753 जनसंख्या है। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल एजेंट एक बार में 10 और पुर्नरीक्षण अवधि में अधिकतम 30 फाॅर्म जमा करा सकते हैं। बैठक में सपा शहर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार, कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित सिंह आदि मौजूद रहे।