काली सूची में शामिल 17 कालेज भी बने सेंटर
- फोटो : अमर उजाला
डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय मजाक बनकर रह गया है। बीकाम के इनकम टेक्स पेपर लीक की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई कि एक और ऐसा मामला सामने आया। हाथरस के सीएल गर्ल्स कालेज ऑफ एजूकेशन में परीक्षा से डेढ़ घंटा पहले ही पेपर की सील खोल दी गई। विश्वविद्यालय की ओर से भेजी गई टीम ने पेपर मौके पर पकड़ा। कालेज को डिबार करने की तैयारी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कालेज में परीक्षा से पहले ही पेपर खोल दिया जाता है। इसकी पड़ताल के लिए शनिवार को हाथरस के नोडल सेंटर पीसी बागला कालेज से डा. संदीप बंसल, डा. गोदन सिंह और डा. राजकमल को सेंटर पर भेजा। टीम साढ़े नौ बजे पहुंची, यहां दूसरी पाली में 11 बजे से होने वाले बीए प्रथम वर्ष का अंग्रेजी पेपर सेट मंगवाया। इस पर सील टूटी हुई थी, लिफाफा खुला मिला। इसका जवाब कालेज प्रशासन नहीं दे सका। टीम को यहां पहली पाली में नकल भी मिली। टीम ने रिपोर्ट परीक्षा नियंत्रक को सौंपी है। परीक्षा नियंत्रक केएन सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। कालेज डिबार करने की कुलपति से संस्तुति कर दी है। मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी बनाई है, रिपोर्ट के आधार पर संबंद्धता समाप्त की भी संस्तुति की जाएगी।