कोसीकलां। दिनभर ऊहापोह और असमंजस के बाद बुधवार देर रात कोसीकलां में हॉटस्पॉट इलाके को छोड़कर बाजार को बृहस्पतिवार से खोलने पर सहमति बन गई है। एसडीएम और और व्यापारी नेताओं के बीच हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।
एसडीएम डॉ. सुरेश कुमार व व्यापारी नेता तरुण सेठ समेत अन्य व्यापारियों के साथ हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया कि बृहस्पतिवार से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बाजार खोले जा सकेंगे। अतिआवश्यक सेवाओं से संबंधित दुकानें जैसे पशु आहार, किराना, सब्जी आटा, ब्रेेड, मेडिकल हॉस्पिटल, मिठाई और ऑप्टिल की दुकानें प्रतिदिन खुलेंगे।
जबकि कपड़ा, बर्तन, इलेक्ट्रोनिक, फर्नीचर, बिजली का सामान, जूता-चप्पल, बिल्डिंग मैटेरियल, प्रिंटिंग प्रेस और ड्राईक्लीनर आदि की दुकानें सोमवार, बुधवार और शनिवार को खोलेंगे। मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को गिफ्ट कॉर्नर, कॉस्मेटिक, मोबाइल, खाद-बीज व कीटनाशक, टायर रिपेयरिंग और पुस्तक आदि की दुकानें खुलेेंगी। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी। सभी दुकानदार सामाजिक दूरी का पालन करेंगे।
व्यापारी नेता तरुण सेठ और व्यापार मंडल के अंकित मालविया ने बताया कि बुधवार को कोसीकलां का बाजार खुलने को लेकर दिनभर में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। इससे व्यापारी काफी परेशान रहे, लेकिन देर रात प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन का हित देखते हुए बाजार खोलने की अनुमति दे दी है। इससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
- व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खोले जाने के लिए प्रशासन द्वारा देर शाम निर्णय ले लिया गया है। व्यापारी और आमजन प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार अपने प्रतिष्ठान खोलें। एसडीएम ने देर रात बाजार खोलेने के निर्देश जारी कर दिए।
- चौधरी लक्ष्मीनारायण, कैबिनेट मंत्री।
- हॉटस्पाट एरिया को छोड़कर बाजार को खोलने के लिए देर रात रोस्टर तैयार कर जारी कर दिया गया है। सभी दुकानदार सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अपनी दुकानें सुबह नौ से शाम पांच बजे तक खोल सकेंगे।
-डॉ. सुरेश कुमार, एसडीएम।