गोकुलपुरा सहित शहर के तमाम क्षेत्रों में गहराया जल संकट
एक टाइम भी पानी की सप्लाई नहीं दे पा रहा जल संस्थान
शहर में जलापूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। तमाम दावों के बावजूद गोकुलपुरा सहित तमाम ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पिछले 24 दिनों में सिर्फ तीन बार ही पानी मिला है। हाल ही में लागू की गई एक टाइम पानी सप्लाई की व्यवस्था भी कारगर साबित नहीं हो पा रही।
पिछले लंबे समय से शहर में जल संकट की समस्या बनी हुई है। कभी वाटर वर्क्स की मशीनें जवाब दे जाती हैं तो कभी पाइप लाइन लीक हो जाती है। ऐसे में जीवनी मंडी और सिकंदरा दोनों वाटर वर्क्स क्षमता का आधा पानी भी सप्लाई नहीं कर पा रहे। सिकंदरा से जहां बमुश्किल 70 एमएलडी पानी मिल रहा है वहीं, जीवनी मंडी से सौ एमएलडी पानी दिया जा रहा है। यह पानी अपर्याप्त है। ऐसे में प्रेशर कम होने की वजह से बहुत से क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। खासतौर से ऊंचाई वाले क्षेत्र के लोग ज्यादा परेशान हैं। कुछ क्षेत्रों में खानापूर्ति के लिए पानी की सप्लाई दी जा रही है। वह भी कभी रात में एक बजे तो कभी दो बजे। वहीं, लॉयर्स कालोनी, केदार नगर, खंदारी, आवास विकास, केदार नगर, लोहामंडी, संजय प्लेस में रविवार को भी जलपूर्ति बाधित रही।
लॉयर्स कालोनी की टंकी जर्जर, हो रही जल बर्बादी
जगह-जगह से प्लास्टर उखड़ा, बन सकती है हादसे का सबब
एक तरफ शहर में जल संकट बना हुआ है तो दूसरी तरफ पानी की बेतहाशा बर्बादी हो रही है। रखरखाव के अभाव में लॉयर्स कालोनी में पानी की टंकी जर्जर हो चुकी है। इससे पानी रिस रहा है। स्थानीय लोग कई बार जलकल अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, सुनवाई नहीं हुई। पानी की बर्बादी हो रही है। हादसे का डर भी बना हुआ है।
पिछले छह महीने से इस जर्जर टंकी से पानी बह रहा है। इससे टंकी और कमजोर होती जा रही है। कई जगह से प्लास्टर भी उखड़ चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही जल संकट है। टंकी का आधा पानी तो ऐसे ही बह जाता है।