पिनाहट के उच्च प्राथमिक विद्यालय पड़ुआपुरा में निरीक्षण के दौरान 121 पंजीकृत छात्रों में सिर्फ पांच उपस्थित मिले, जबकि उपस्थिति पंजिका में अनुपस्थित छात्रों को भी उपस्थित दर्ज किया गया था। मिड-डे मील, ऑनलाइन रिकॉर्ड, अभिलेख और टैबलेट के इस्तेमाल में भी अनियमितताएं मिलने पर प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं।
आगरा के पिनाहट ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पड़ुआपुरा कंपोजिट में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने प्रधानाध्यापिका रामधारा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 20 जुलाई को खंड शिक्षा अधिकारी पिनाहट के निरीक्षण में विद्यालय में पंजीकृत 121 छात्रों के सापेक्ष मात्र पांच छात्र उपस्थित मिले थे।
विज्ञापन
जांच में मिड-डे मील व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। 48 केले उपलब्ध थे, जबकि रोटी-सब्जी के लिए करीब 2.5 किलो आटा और आधा किलो टमाटर मिले। कक्षा आठ की उपस्थिति पंजिका की जांच में भी गड़बड़ी सामने आई। 24 छात्रों में 16 विद्यालय में उपस्थित नहीं थे, जबकि पंजिका में उन्हें उपस्थित दर्ज किया गया था।
विद्यालय में स्कूल चलो अभियान से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए। अनुपस्थित छात्रों के अभिभावकों से संपर्क के लिए संपर्क रजिस्टर भी नहीं मिला। विभागीय प्रेरणा पोर्टल पर 14 रजिस्टरों का डेटा ऑनलाइन अपलोड नहीं किया गया था। शिक्षक संदर्शिका, टीएलएम और शिक्षक डायरी का भी समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा था। विद्यालय में उपलब्ध कराए गए टैबलेट का उपयोग भी नहीं किया जा रहा था। निलंबन अवधि में उन्हें जैतपुर कलां के एकल विद्यालय से संबद्ध किया गया है। विस्तृत जांच के लिए नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है।