मैनपुरी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन की दोनों डोज जरूरी हैं। बावजूद इसके जिले में अभी तक सिर्फ 49699 लोगों को ही कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग सकी हैं। वैक्सीन की कमी से प्रभावित होता टीकाकरण अभियान और दूसरे टीके के लिए 84 दिन की निर्धारित समय सीमा कम वैक्सीनेशन का कारण है।
मैनपुरी जिले में 16 जनवरी 2021 को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण किया गया। इसके बाद सीनियर सिटीजन को टीकाकरण का लाभ दिया गया। जिले में अभी तक दो लाख 85 हजार 691 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।
दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या शुक्रवार दोपहर तक सिर्फ 49 हजार 699 है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि पहले दूसरी डोज 28 दिन बाद लगती है। शासन ने अब दूसरी डोज के लिए समय सीमा 84 दिन की कर दी है। इससे दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या कम है।
टीकाकरण कराने में युवाओं ने मारी बाजी
कोरोना टीकाकरण को लेकर युवा गंभीर हैं। शायद इसीलिए टीकाकरण का मौका बाद में मिलने के बाद भी युवाओं ने बाजी मार ली है। जिले में अब तक 1.48 लाख युवा कोरोना का टीका लगवा चुके है। 45 से 60 वर्ष के एक लाख लोगों ने ही टीकाकरण कराया है।
नहीं मिल रही पर्याप्त वैक्सीन
जिले में वैक्सीन की कमी के चलते रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग हर रोज 25 हजार डोज की डिमांड भेजता है। इसके बावजूद महज चार से पांच हजार डोज ही उपलब्ध होती हैं। महीने में कई दिन ऐसे भी गुजरते हैं, जब जिले को डोज नहीं मिलती हैं। इससे टीकाकरण अभियान प्रभावित होता। बृहस्पतिवार को भी वैक्सीन न होने से जिले में टीकाकरण नहीं हो सका था।
फैैक्ट फाइल
190941 पुरुषों ने लगवाई है अब तक वैक्सीन
144373 महिलाओं ने लगवाई है अब तक वैक्सीन
-----
उम्रवार टीकाकरण का ब्योरा
18 से 44 आयु वर्ग के 148236 लोगों ने लगवाया है टीका
45 से 60 आयु वर्ग के 104404 लोगों ने लगवाया है टीका
60 वर्ष से अधिक उम्र के 82750 लोगों ने लगवाया है टीका
-----
जल्द से जल्द लोगों का टीकाकरण करना हमारा प्रयास है। निर्धारित समय सीमा में दूसरी डोज लगवाई जा रही है।
-डॉ. पीपी सिंह, सीएमओ।