आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की ग्रेटर आगरा परियोजना में गोमतीपुरम टाउनशिप के 744 आवासीय भूखंडों का ऑनलाइन पंजीकरण सोमवार को शुरू हो गया। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने जनहित पोर्टल पर प्रक्रिया की शुरुआत की। साथ ही परियोजना की बुकलेट का भी विमोचन किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि टाउनशिप का विकास तय डेवलपमेंट प्लान के अनुसार ही हो, जिससे यहां रहने वाले लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिल सकें। आवेदक janhit.upda.in और एडीए की वेबसाइट adaagra.org.in के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर निर्धारित की गई है। आवासीय भूखंडों की दर 33,000 प्रति वर्गमीटर है।
एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि गंगापुरम और नर्मदापुरम टाउनशिप की सफलता के बाद गोमतीपुरम को लॉन्च किया गया है। इसमें हरित क्षेत्र, चौड़े फुटपाथ, भूमिगत केबल, खुले स्थान और मनोरंजन क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा गया है। इस अवसर पर एडीए सचिव संजय कुमार, बोर्ड के नामित सदस्य नागेंद्र दुबे गामा, अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार, वित्त नियंत्रक अशोक कुमार, नगर नियोजक रिचा कौशिक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।