ग्राहकों को लुभावने के लिए दिए जा रहे ऑफर
ऑनलाइन उत्पादों को खरीदने वाले ग्राहकों को 80 फीसदी तक छूट के ऑफर दिए जा रहे हैं। किसी विशेष बैंक के क्रेडिट या डेबिट कार्ड से अतिरिक्त छूट भी मिल रही है। लोग इस हिसाब से भी उत्पादों की प्री बुकिंग करा रहे हैं कि उन्हें धनतेरस के दिन डिलीवरी मिल जाए।
दिवाली पर उपहार के बाजार में क्रिस्टल कछुए और बैंबू प्लांट की जमकर बिक्री हो रही है। इसके साथ ही मेवा और चॉकलेट के गिफ्ट पैक में सैनिटाइजर और मास्क दिख रहा है। बाजार गुलजार होने से दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं।
उपहार के बाजार में काफी दिनों बाद व्यापार में तेजी दिखाई दे रही है। पूरे साल में फेस्टिव सीजन में सबसे ज्यादा व्यापार होता है। गिफ्ट बाजार में 20 साल से रिटेल का व्यापार करने वाले संजय का कहना है कि दो साल की परेशानी के बाद बाजार अच्छा चल रहा है।
सराफा मार्केट में गहमा-गहमी
सराफा मार्केट में भी गहमा-गहमी बढ़ गई है। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल बताते हैं कि नए डिजाइन की ज्वेलरी, आठ ग्राम सोने की गिन्नी, चांदी की बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां बिक्री के लिए आ गई हैं। धनतेरस पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर भी छूट
व्यापारी संजय गुप्ता ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सामान की कीमतों में आकर्षक छूट, जीरो फीसदी ब्याज पर ईएमआई, शून्य प्रोसेसिंग फीस के ऑफर बाजार में मौजूद हैं। टीवी, कैमरा, वाशिंग मशीन, गीजर व फ्रिज की अधिक डिमांड होने के कारण दुकानदार हर मॉडल का सामान रखे हुए हैं। लोग अपनी पसंद के सामान की बुकिंग पहले से ही करा चुके हैं। वो इसकी डिलीवरी धनतेरस पर लेंगे।