सैंया। थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पहली घटना में ग्राम नागर, थाना राजाखेड़ा (धौलपुर, राजस्थान) निवासी धर्मेंद्र (30 वर्ष) पुत्र रामदीन मंगलवार रात अपनी बाइक से इरादतनगर-सैंया मार्ग होकर ग्राम सिलोखर की ओर जा रहे थे। वह मोहनपुर नहर के पास मुड़ने लगे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी दुर्घटना आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित जाजऊ कट पर हुई। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार अजय (निवासी जोधापुरा, सैंया) को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सीएचसी सैंया ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। तीसरी घटना जाजऊ-भांडई रेलवे ट्रैक पर बीरई नहर के पास बुधवार को एक अज्ञात युवक लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। आरपीएफ ने घायल को सीएचसी सैंया में भर्ती कराया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एसएन हॉस्पिटल (आगरा) रेफर कर दिया है।