मानव शर्मा की शादी 30 जनवरी 2024 को बरहन निवासी निकिता शर्मा के साथ हुई थी। मानव टीसीएस कंपनी में मैनेजर थे। वह पत्नी के साथ मुंबई में रह रहे थे। शादी के कुछ महीने बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आई थी। पिछले साल 23 फरवरी को वह पत्नी के साथ घर आए थे। उसे ससुराल छोड़ा। 24 फरवरी की सुबह मानव ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
27 फरवरी 2025 को मानव के मोबाइल में बहन आकांक्षा को एक वीडियो मिला था। यह वीडियो मानव ने खुदकुशी से पहले बनाया था। पुलिस ने इसे मृत्यु पूर्व बयान माना था। खुदकुशी से पहले मानव और निकिता के बीच 4 बजे तक चैट हुई थी। मामले में 28 फरवरी को मानव के पिता नरेंद्र कुमार शर्मा ने मानव की पत्नी निकिता, उसके पिता नृपेंद्र कुमार शर्मा, मां पूनम शर्मा और उसकी दो बहनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने पत्नी, ससुर, सास और साली को गिरफ्तार किया था। उन्हें जेल भेजा गया था। बाद में जमानत मिली थी।
बहन आकांक्षा ने बताया कि भाई ने जो दर्द झेला था, वो हम भी झेल रहे हैं। इकलाैते भाई को जान देनी पड़ी। आरोपी ससुरालियों को सजा दिलाने के लिए दिन-रात एक कर दिया है। पिता और मां हर पल भाई की याद में आंसू बहाते हैं। वो एक ही बात बोलते हैं कि उन्हें न्याय चाहिए। मानव की तस्वीर हाथ में लेकर बैठे रहते हैं। भाई का उत्पीड़न करने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। न्याय मिलने पर ही उनके दिल को सुकून आएगा।
रोते हुए बनाया था वीडियो
बंगलूरू की कंपनी में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या की तरह माैत को गले लगाने से पहले मानव ने रोते हुए दर्द भरा वीडियो बनाया था। इसमें अपनी ही नहीं मर्दों के बारे में भी सोचो कहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। यह 6 मिनट 57 सेकंड का था। इसे सुनकर लोग दहल गए थे। सोशल मीडिया पर भी विवाद छिड़ गया था। यह वीडियो उनके मोबाइल में मिलने पर परिजन पुलिस के पास पहुंचे थे। पहले वो मानव की आत्महत्या को कुछ और वजह मान रहे थे। वीडियो में मृतक मानव शर्मा ने कहा था कि मैं तो चला जाऊंगा, मर्दों का सोचो, मर्दों के बारे में कोई तो बात करे, बेचारे अकेले हैं। कई और बातें भी कहीं थीं।