गांव गढ़ का पुरा में हुआ दर्दनाक हादसा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के गांव गढ़ का पुरा में खेलते समय 100 फीट गहरे सूखे कुएं में दो बच्चियां गिर गईं। जब वे काफी देर तक घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बच्चियां सूखे कुएं के अंदर मिलीं। उन्हें बाहर निकाला गया। हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की उम्र चार साल है।
थाना मंसुखपुरा क्षेत्र के गांव गढ़ का पुरा निवासी धीरेंद्र तोमर की बेटी जानू तोमर और सुनील की पुत्री शिवानी शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे खेलते-खेलते गांव से बाहर निकल गईं। इस दौरान दोनों गांव से करीब 150 मीटर दूर 100 फुट गहरे सूखे कुएं में गिर गईं। जब शाम को बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तलाशना शुरू किया।
शाम करीब पांच बजे गांव के बाहर सूखे कुएं से एक बच्ची की रोने की आवाज आई तो उन्हें पता लगा। ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला। जानू तोमर की मौत हो चुकी थी, वहीं शिवानी को गंभीर रूप से घायल थी। शिवानी को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर शाम जानू का अंतिम संस्कार कर दिया गया।