कासगंज जिले के ढोलना थाना क्षेत्र में गांव महावर के समीप श्रद्धालुओं से भरे वाहन में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वाहन में सवार एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। इनमें दो गंभीर घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य सभी को फिरोजाबाद के निजी चिकित्सालय भेजा गया।
फिरोजाबाद जिले के गांव टीकरी (थाना जसराना) निवासी रामवीर सिंह यादव (42) लोडर टेंपो से परिवार के साथ गंगीरी के समीप गांव रतरोई मंदिर में देवी दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार रात करीब 10 बजे श्रद्धालुओं से भरा लोडर टेंपो गांव महावर के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने लोडर में टक्कर मार दी।
जिससे लोडर में सवार रामवीर सिंह, महेश, विनोद, प्रमोद, सुरेंद्र, सिलेटी, देवेंद्र, धर्मवीर, राजन और गुरुदयाल गंभीर घायल हो गए। लोडर वाहन गुरदयाल चला रहे थे। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रामवीर को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।