कासगंज सिढ़पुरा में सड़क हादसे में मृतक दीपक का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
सिढ़पुरा एटा रोड पर सीमेंट से लदे ट्रक की चपेट में ट्रैक्टर आ गया। इससे ट्रैक्टर सवार एक बालक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
सड़क हादसा ग्राम चांदपुर में हुआ। चांदपुर निवासी दीपक (13) पुत्र प्रेम सिंह चालक हरवंश के साथ ट्रैक्टर को लेकर खेत की जोतने के लिए जा रहा था। ट्रैक्टर पर गांव के दीपक, विजय कुमार एवं सुखवीर भी सवार थे। गांव के नजदीक ही तेज गति से अलीगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से सवार गिर गए और घायल हो गए। हादसा होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। हादसे की सूचना जब दीपक के परिजनों को हुई तो उनमें कोहराम मच गया। सड़क हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने ट्रक एवं ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं ट्रक चालक वीरपाल एवं ट्रैक्टर चालक हरवंश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दीपक के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक व ट्रैक्टर चालकों को हिरासत में लिया गया है।
अब मैं रह गया अकेला
दीपक वर्मा पुत्र प्रेम सिंह वर्मा दो भाई थे। उसका बड़ा भाई देवेंद्र कुमार (15) वर्ष है। देवेंद्र बार बार दीपक के शव पर विलाप करते हुए यही कह रहा था कि अब मैं अकेला रह गया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाइयों में खासा प्रेम था।
कासगंज सिढ़पुरा में सड़क हादसे में बालक की मौत के बाद एकत्रित लोग व रोते बिलखते परिजन- फोटो : KASGANJ
कासगंज सिढ़पुरा में सड़क हादसे के बाद पहुंची पुलिस शव के पंचनामा की कार्रवाई करती- फोटो : KASGANJ