फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: मून ओलंपिक की जली मशाल, खेल महाकुंभ का हुआ आगाज

Mon, 12 Oct 2026 02:55 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
मून ओलंपिक मशाल
विज्ञापन
आगरा। रिया अस्थाना मेमोरियल मून स्कूल ओलंपिक के 20वें संस्करण का शुभारंभ रविवार को उत्साह और उल्लास के बीच हुआ। द इंटरनेशनल स्कूल में मून मशाल प्रज्वलित कर खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया गया। इस बार 300 से अधिक विद्यालयों के 12 से 14 हजार विद्यार्थियों के 24 खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अनुमान है। अमर उजाला इस आयोजन का मीडिया सहयोगी है।
विज्ञापन

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया और आगरा मंडल के रेल प्रबंधक गगन गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के विद्यार्थियों की बैंड प्रस्तुति, कृष्ण वंदना, मून गान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समा बांधा। आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. बीना लवानिया ने कहा कि दो दशक तक आयोजन की निरंतरता इसकी लोकप्रियता का प्रमाण है। यह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, उत्साह और जीतने का जज्बा दिखाने का अवसर देता है।
शुभंकर चिंकू और चिंकी का अनावरण
समारोह में आयोजन के शुभंकर चिंकू और चिंकी का अनावरण किया गया। प्रो. आशु रानी ने मून गान का विमोचन किया। इसकी रचना डॉ. सुजाता शर्मा ने की है, जबकि डॉ. राजविका चौबे और मेघा यादव का सहयोग रहा। प्रज्वलित मशाल विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
विज्ञापन

खेलों से निखरती है प्रतिभा
प्रो. आशु रानी ने कहा कि मून स्कूल ओलंपिक उत्तर भारत के प्रमुख स्कूली खेल आयोजनों में पहचान बना चुका है। दो दशक में हजारों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। अध्यक्षता करते हुए डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि खेल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर एकता और सामूहिकता बढ़ाते हैं। खेलों में रोजगार और पुरस्कार के अनेक अवसर हैं। उन्होंने इसे आगरा और आसपास के जनपदों की खेल प्रतिभाओं की नर्सरी बताया। रेल प्रबंधक गगन गोयल ने कहा कि 19 वर्षों की निरंतरता और दो दशक पूरे करना आयोजन की सफलता दर्शाता है। इसके माध्यम से लाखों खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने का मंच मिल चुका है। विद्यार्थियों की नाटिका भी आकर्षण का केंद्र रही।
बालिकाओं को मिलेगी इंदिरा बंसल ट्रॉफी
मून ओलंपिक बालिका प्रोत्साहन समिति की अध्यक्ष रत्ना अस्थाना ने बबीता पाठक और नैना कालरा के साथ बालिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि 24 खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी को स्व. इंदिरा बंसल स्मृति ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष रजत अस्थाना और महासचिव इंजीनियर उमेश शर्मा ने कहा कि 300 से अधिक विद्यालयों की भागीदारी से आयोजन का दायरा और व्यापक होगा।
तीन वर्षों से सहभागी है डीपीएस ताज सिटी
मेजबान सहयोगी दिल्ली पब्लिक स्कूल ताज सिटी के प्रधानाचार्य शिव शंकर कटोर ने कहा कि विद्यालय लगातार तीसरे वर्ष आयोजन से जुड़ा है। इस वर्ष भी विद्यालय मेजबान सहयोगी है। आयोजन स्थल द इंटरनेशनल स्कूल आगरा के प्रबंधक संजय कालरा ने खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

समारोह में पूर्व जिला जज महेश नौटियाल, सेंट एंड्रूज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अध्यक्ष डॉ. गिरधर शर्मा, आगरा रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम, गिरीश चंद्र गुप्ता, सुनैना कालरा, रुचि शुक्ला, डॉ. आरके माहेश्वरी, प्रभात जैन, डॉ. विनोद माहेश्वरी, शेखर भरत सिंह, प्रभात दीक्षित, प्रशांत सागर, रवि जैन, नारायण बहरानी, मोना, सचिन सारस्वत, शैलेंद्र मोहन मिश्रा, गजेंद्र शर्मा, केके पालीवाल, विनोद सीतलानी, अनिल पालीवाल, महेश धाकड़, पवन मंगल, संजय दुबे, राहुल गोगिया, अजय महाजन, दिनकर खनूजा सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मून टीवी के निदेशक राहुल पालीवाल और मनीष तिवारी ने किया। व्यवस्थापक नंदी रावत रहे जबकि अतिथियों का स्वागत राजीव दीक्षित ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें