ट्रक की चपेट में आकर वृद्धा की हुई मौत
- सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिछवां। थाना क्षेत्र में मैनपुरी कुरावली हाईवे पर शुक्रवार की सुबह खेत पर जा रही वृद्धा मिनी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वृद्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव नगला हरकेशी निवासी प्रेमवती (60) शुक्रवार की सुबह अपने खेत पर जा रही थीं। मैनपुरी कुरावली हाईवे पर पहुंचने के बाद जब वह सड़क पार कर रही थीं। तभी मार्ग से गुजर रहे मिनी ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वृद्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस बीच मौका पाकर चालक मिनी ट्रक को वहीं खड़ा छोड़ कर भाग गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाया। शव हटने के बाद मार्ग का आवागमन सुचारू हो सका। हादसे में वृद्धा की मौत के बाद घर में चीख पुकार मची है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस टक्कर मारने वाले मिनी ट्रक के चालक की तलाश कर रही है।