जब बैठे एक साथ तो बन गई बिगड़ी बात
- समझौता होने के बाद दंपती को विदा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। दीवानी स्थित मीडिएशन सेंटर में जब दंपती एक साथ बैठे तो उनकी बिगड़ी बात बन गई। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो रिश्तों पर जमी बर्फ भी पिघली। दंपती एक साथ रहने को राजी हो गए। समझौता होने पर उनको केंद्र से ही घर भेज दिया गया।
तहसील भोगांव के बरा की रहने वाली सरिता कठेरिया की शादी सात साल पहले संदीप निवासी जैथरा एटा के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ। मांग पूरी नहीं होने पर संदीप ने सरिता को घर से निकाल दिया। सरिता ने प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय में भरण पोषण पाने के लिए मुकदमा दायर किया।
मामले को समझौता कराने के लिए मीडिएशन सेंटर में भेजा गया। मीडिएशन सेंटर में मामले की सुनवाई शुरू हुई। मीडिएशन सेंटर से संदीप को नोटिस भेजा गया। वह सेंटर में हाजिर हुआ। मीडिएटर संजय चौहान ने उनके गिले शिकवे दूर कराकर समझौता कराया। समझौता होने के बाद उनको घर भेजा गया।