कासगंज सोरोंजी के गंगागढ़ में वृद्घा की हत्या के बाद रोते बिलखतीं परिवार की महिलाएं
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सोरोंजी कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगागढ़ में मंगलवार की रात्रि लुटेरों ने कमलेश (70) पत्नी लटूरी सिंह की हत्या कर घर में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। लुटेरों ने विरोध करने पर वृद्धा के सिर पर पत्थर मारा गया और बक्से में रखे जेवरात लूट ले गए। घटना की सूचना पर सुबह एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे पहुंचे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मंगलवार की रात कमलेश अपने घर के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान लुटेरे घर में घुस आए और वृद्धा के जागने व उनके विरोध करने पर उनके सिर पर पत्थर से प्रहार किया और गला भी दबाया गया। मौके पर खून पड़ा था और वृद्धा की नाक से खून निकल रहा था। सुबह के समय वृद्धा के परिजन व ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे एवं सीओ दीपकुमार पंत मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि कमलेश अपने छोटे बेटे जितेंद्र के साथ रहती थीं। उनकी पत्नी मायके दिल्ली गई थी। जितेंद्र भी दिल्ली गया हुआ था। जितेंद्र की पत्नी का जेवर वृद्धा के पास रखा हुआ था। इसमें 4 सोने की चूड़ी, एक टीका, दो जंजीर, दो अंगूठी, एक बेसर एवं चांदी की कुंदनी थी। यह जेवर लुटेरे लूट ले गए। एसपी ने मौके का निरीक्षण करके कोतवाली पुलिस को मामले के खुलासे के निर्देश दिए।
पांच टीमें की गईं गठित
कासगंज। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके का निरीक्षण किया गया है। पत्थर से वृद्धा के सिर पर प्रहार करके हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा। इन टीमों में एसओजी क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सहित सभी टीमें सक्रिय की गई हैं।