आगरा में पुराने शहर के कोतवाली क्षेत्र, काला महल, मोती कटरा, बेलनगंज, गधा पाड़ा, मान पाड़ा, रोशन मोहल्ला, मंटोला, पीपल मंडी, हींग की मंडी, सदर भट्टी में कल से तीन दिनों तक पानी का संकट झेलना पड़ेगा। आज ही शाम को जलापूर्ति के दौरान तीन दिनों की जरूरत का पानी स्टोर करके रख लें। इसके बाद 28 दिसंबर की शाम को ही पानी मिल सकेगा। जल निगम द्वारा 26 से 28 दिसंबर के बीच नए जलाशय के इंटरकनेक्शन के लिए शटडाउन लिया गया है।
जलनिगम के प्रोजेक्ट मैनेजर रमेशचंद्र ने बताया कि आगरा शहर में आगरा पेयजल आपूर्ति योजना फेज-3 के अंतर्गत कोतवाली में स्थित पुराने 1000 किली क्षमता के जोनल पंपिंग स्टेशन के रिप्लेसमेंट के रूप में नया जोनल पंपिंग स्टेशन निर्मित किया जाना है, जिसके लिए 200 किलो लीटर क्षमता का नया भूमिगत जलाशय बनाया जाएगा। इस वजह से कोतवाली जोनल पम्पिंग स्टेशन में पाइप लाइन शिफ्ट की जानी है।
रविवार सुबह से शुरू होगा काम
रविवार सुबह 10 बजे से इस काम के लिए इंटरकनेक्शन का काम शुरू किया जाएगा जो 28 दिसंबर की सुबह 10 बजे तक चलेगा। इस कारण जीवनी मंडी वाटर वर्क्स से जुड़ी लाइनों पर जलापूर्ति बाधित हो सकती है। इन क्षेत्रों में पानी का संकट देखते हुए टैंकरों के जरिए जलापूर्ति कराई जाएगी। इंटरकनेक्शन के काम के बाद ही कोतवाली में नए जोनल पंपिंग स्टेशन का काम शुरू किया जा सकेगा।