फतेहाबाद फोटो।रुदवारी में चोरों ने ट्रांसफार्मर गिराकर तेल- कॉपर चोरी किया।
फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रुदवारी में रविवार रात चोरों ने खेत पर लगे 25 केवीए विद्युत ट्रांसफाॅर्मर को नीचे गिराकर उसमें से तेल, कॉपर और सबमर्सिबल की केबल चोरी कर ली। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया।
गांव रुदवारी निवासी मृतक मूलकरन के नाम से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड किनारे स्थित खेत पर विद्युत कनेक्शन है। रविवार रात चोरों ने ट्रांसफाॅर्मर को पोल से नीचे गिरा दिया और उसमें मौजूद तेल व कॉपर निकाल लिया। पास में लगी सबमर्सिबल की केबल भी काटकर ले गए। खेत पर बनी कोठरी का ताला भी टूटा मिला। सोमवार सुबह बेटा राजेंद्र सिंह खेत पर पहुंचे तो ट्रांसफाॅर्मर जमीन पर पड़ा मिला और चोरी का पता चला। इसके बाद उन्होंने गुबरौठ विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शिव प्रसाद पाल को सूचना दी। सूचना मिलते ही अवर अभियंता मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। अवर अभियंता शिव प्रसाद पाल ने बताया कि चोर 25 केवीए ट्रांसफाॅर्मर को नीचे गिराकर उसमें से कॉपर, तेल तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं।