मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट इनर रिंग रोड के निर्माण की प्रगति जांचने के लिए गुुरुवार को जिलाधिकारी गौरव दयाल ने निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि इनर रिंग रोड और ताजगंज प्रोजेक्ट के लोकार्पण की तारीख तय हो गई है। इसके बाद से प्र्रशासन पर कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने का दबवा बढ़ गया है। बुधवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की थी। गुरुवार को आगरा विकास प्राधिकरण के सचिव राजकुमार के साथ इनर रिंग रोड का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कार्य जल्द समाप्त किया जाए। दरअसल अभी यमुना पर बन रहे पुल और आरओबी का कार्य अधर में है। जिलाधिकारी ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे की प्रगति भी देखी
बारिश डाल रही काम में बाधा
आगरा। विकास प्राधिकरण के सचिव राजकुमार ने बताया कि निर्माण तेज गति से चल रहा है। कोशिश है कि समय पर कार्य पूर्ण हो जाए लेकिन बारिश अड़चन पैदा कर रही है। गौरतलब है कि पिछले दिनों हुई तेज बारिश में इनर रिंग रोड के कई हिस्से धंस गए थे। विकास प्राधिकरण को उनकी मरम्मत करनी पड़ी थी। बारिश की वजह से सड़क के निर्माण में बाधा आ रही है।
29 दिन में कैसे बनेगा आरओबी
आगरा। एक और अधिकारी दावा कर रहे हैं कि इनर रिंग रोड का निर्माण कार्य 30 सितंबर तक हर हाल में पूरा हो जाएगा लेकिन दूसरी ओर रेलवे ओवर ब्रिज का काम भी चालू नहीं हुआ है। ब्रिज कारपोरेशन ने अपना पार्ट पूरा कर दिया है लेकिन रेलवे के पार्ट का निर्माण अभी तक चालू नहीं हो सका है। दूसरा इंटरचेंज का निर्माण भी 29 दिन में पूरा होना मुश्किल है। इनर रिंग रोड और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस से लिंक करने की प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हुई है।