आगरा। ऑक्सीडेंटल क्रिकेटर्स ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को लगातार दूसरा मैच जीत लिया। टीम ने आगरा लीजेंड्स को 17 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 से बढ़त बना ली।
सेंट जोंस कॉलेज के मैदान पर खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में एक बार फिर टॉस ऑक्सीडेंटल क्रिकेटर्स के कप्तान टॉम रोबर्टसन ने जीता और पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 199 रन बनाए। संजू वर्गीस ने 33, सिसिल रामलाल ने 24 रन बनाए। केनी गिरधारी और गिरी ने उपयोगी 20-20 रन जोड़े। राहुल सिंह ने 3 विकेट, डॉ. पराग गौतम और नरेंद्र रमानी ने 2-2 विकेट, डॉ. राजीव फिलिप और अनमोल असीजा ने 1-1 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा लीजेंड्स की टीम 6 विकेट खोकर 182 रन ही बना सकी। राहुल सिंह ने 56 रन की पारी खेली। डॉ. पराग गौतम ने 34, अनमोल असीजा ने 28 और डॉ. राजीव फिलिप ने 23 रन बनाए। केनी गिरधारी और रे मेहन ने 2-2 विकेट प्राप्त किए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए केनी गिरधारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संघर्षपूर्ण अर्धशतक के लिए राहुल सिंह को फाइटर ऑफ द मैच का सम्मान मिला। अंपायरिंग अतुल सोलंकी और वकार अहमद ने की। कमेंट्री की जिम्मेदारी नरेंद्र शर्मा ने निभाई।
अंतिम मुकाबला आज
तीन मैचों की शृंखला का अंतिम मुकाबला 7 फरवरी को अनेक सिंह स्टेडियम, कुबेरपुर में खेला जाएगा। लीजेंड्स सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी।