एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती उल्टी-दस्त के मरीज
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा में कुछ दिनों से तेज धूप, लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को है। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में डायरिया मरीजों की संख्या 30 फीसदी तक बढ़ गई है। ओपीडी में भी यही हाल है।
इमरजेंसी प्रभारी डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि सात दिनों से उल्टी-दस्त, बुखार, पेट दर्द, चक्कर आना, घबराहट के मरीज 30 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इमरजेंसी में औसतन रोजाना 10 से 15 मरीज भर्ती हो रहे हैं। इनमें कामकाजी लोग और बच्चों की संख्या अधिक है। लोगों का रक्तचाप भी बढ़ा मिल रहा है।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि तेज धूप और गर्मी बढ़ने से बच्चों में डायरिया की परेशानी अधिक मिल रही है। ओपीडी में 60 फीसदी को उल्टी, दस्त, पेट में मरोड़, कमजोरी है। इमरजेंसी में बच्चे भी भर्ती हो रहे हैं, इनमें अधिकांश डायरिया के हैं। बड़ी वजह गर्मी और खुले में बिकने वाली दूषित सामग्री है।