स्वास्थ्य विभाग में आवास विकास परिषद की विकसित कॉलोनियों में 1385 चिकित्सकीय संस्थान पंजीकृत हैं। आवास विकास परिषद की ओर से कमला नगर, ट्रांस यमुना कॉलोनी में संचालित चिकित्सकीय संस्थान को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसमें आवासीय क्षेत्रों में संचालित अस्पताल, पैथोलॉजी लैब, रेडियो डायग्नोस्टिक सेंटर समेत अन्य चिकित्सकीय संस्थानों को बंद करने के आदेश दिए हैं।
इन नोटिस से डॉक्टरों में आक्रोश है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि आवास विकास परिषद ने नोटिस देकर चिकित्सकीय संस्थानों को बंद करने को कहा है। ऐसा होने से चिकित्सकीय सेवाएं हो जाएंगी। यह कार्रवाई स्वास्थ्य के अधिकार के खिलाफ है। ऐसे में इन नोटिस को तत्काल रद्द किया जाए। जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर समस्या बताई है। मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजेंगे।
नई अस्पतालों के लाइसेंस पर भी संकट
स्वास्थ्य विभाग में नए अस्पताल लैब के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसमें अभी तक लाइसेंस नवीनीकरण और नए लाइसेंस के 198 के आवेदन आए हैं। 7 मई आवेदन की अंतिम तिथि है। ये भी आवासीय संस्थानों में संचालित हो रहे हैं। ऐसे में इनके लाइसेंस पर भी संकट खड़ा हो जाएगा। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि नए हॉस्पिटल-लैब के लाइसेंस के संबंध में आवास विकास परिषद की ओर से अभी तक कोई गाइडलाइन नहीं आई है।