टूंडला(फिरोजाबाद)। नगर के क्राइस्ट द किंग स्कूल ने नोटिस लगाकर फीस वसूली की मांग की है। जानकारी पर भाजपा जिला महामंत्री ने डीएम से शिकायत की है। भाजपा जिला महामंत्री दीपक चौधरी ने डीएम को पत्र लिखकर कहा कि क्राइस्ट द किंग स्कूल के प्रधानाचार्य ने इस समय फीस की मांग कर रहे हैं, जो गलत है। स्कूल प्रधानाचार्य प्रधानमंत्री के आदेश का ताक पर रखकर नाजायज तरीके से फीस वसूली का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने डीएम से प्रधानाचार्य के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराने की मांग की है। इस संबंध में क्राइस्ट द किंग स्कूल के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने कहा कि सरकार की ओर से ऐसा कोई आदेश नहीं है। यदि कोई अधिकारी बताए तो फीस नहीं ली जायेगी। फीस के लिए किसी को फोर्स नहीं किया है। अभिभावक अपनी इच्छा से फीस जमा करा सकते हैं। सरकार के आदेश होंगे तो ली गई फीस वापस अथवा आगे माह में एडजस्ट कर दी जाएगी।