कासगंज गंजडुंडवारा में सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर एकत्रित भीड़
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा। समीवर्ती ग्राम नबाबगंज नगरिया मोड़ पर कादरगंज की तरफ से आ रहे ट्रक ने तीन लोगों को रौंद दिया। इससे एक युवक व एक बच्चे की मौत हो गई। एक बच्चे को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चंद्रशेखर (28) पुत्र जगन्नाथ निवासी नबाबगंज नगरिया मंदिर से अपने घर जा रहा था। इसी गांव के शाहिद (12) पुत्र सिराज और शहनवाज (7) पुत्र सलीमुद्दीन सड़क किनारे अपनी भैंसें चरा रहे थे। गर्मी अधिक होने के कारण दोनों सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान कादरगंज की ओर से आए तेज गति ट्रक ने तीनों को रौंद दिया। इससे चंद्रशेखर और शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि शहनवाज गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक भी रेलिंग तोड़कर झाड़ियों में घुस गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चालक व क्लीनर को पकड़ लिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को मामले की जानकारी देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पर सीओ गवेंद्र सिंह व एसडीएम शिव कुमार भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर जानकारी ली।
चालक, क्लीनर को लोगों ने धुना
हादसे के बाद ट्रक भी झाड़ियों में घुस गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने क्लीनर सत्यपाल पुत्र फौजदाव निवासी नगला डंबर कादरचौक और चालक रजनेश निवासी महमूदपुर कादरचौक को पकड़ लिया। उसके बाद दोनों की धुनाई कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया वहां से जिला अस्पताल ले रेफर कर दिया गया।