पिंक और स्मार्ट टॉयलेट के पास अतिक्रमण
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में सेल्फ क्लीनिंग टॉयलेट (स्मार्ट टॉयलेट) का निर्माण कार्य ठीक से नहीं किए जाने पर मंडलायुक्त अनिल कुमार ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर सुधार नहीं हुआ तो ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
अमर उजाला ने चार जनवरी को इस संबंध में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। मंगलवार को मंडलायुक्त अनिल कुमार ने आयुक्त कार्यालय में स्मार्ट सिटी के कार्य की प्रगति की समीक्षा बैठक की और अनियमितता पर रोष जताया।
स्मार्ट टॉयलेट स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ही बनाए जा रहे हैं। ठेकेदार इनका निर्माण अधूरा छोड़कर चला गया। इसके बाद लोगों ने इन पर कब्जा कर लिया। इनके सामने दुकानें लगने लगीं।
तत्काल एनओसी लें ठेकेदार, काम न लटकाएं : कमिश्नर
मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ठेकेदार एनओसी का बहाना नहीं बनाएं। जिस विभाग से जो भी एनओसी लेनी है, उसे तत्काल लें, काम नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। ठेकेदारों और अफसरों से कहा कि काम में तेजी आनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण एवं रुचि लेकर कार्य करें। कार्यों में प्रगति नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी ठेकेदारों को निर्देशित किया कि कार्यों को आपसी समन्वय के साथ कराएं जिससे विलंब न हो। उन्होंने सभी ठेकेदारों से कहा कि कार्य के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का अनुपालन किया जाए, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो।
ये भी दिए निर्देश
- स्वास्थ्य केंद्रों के काम में तेजी लाकर इन्हें शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
- फतेहाबाद रोड पर सौंदर्यीकरण का काम तेजी से पूरा किया जाए।
- स्ट्रीट वेंडिंग जोन, चौराहों से संबंधित कार्य के लिए अलग से बैठक की जाए।
- हेरिटेज वॉक का विकास, साइनेज वर्क की प्रगति की समीक्षा अलग से की जाए।
- सीवरेज नेटवर्क बिछाया जाना महत्वपूर्ण कार्य है, इसमें विलंब नहीं होना चाहिए।