अगर आप एटीएम कार्ड इस्तेमाल करते हैं तो सावधान रहें, क्योंकि शातिर धोखाधड़ी के नये-नये हथकंड़े अपना रहे हैं। वो मददगार के रूप में भी हो सकते हैं। आगरा में धोखाधड़ी का ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
एटीएम में शातिर युवकों ने मदद के बहाने पायल कारीगर का एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद 25 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। 32 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। एमजी रोड के ब्रांडेड कंपनी के शोरूम से महंगे जूते और कपड़े खरीदे।
ट्रांस यमुना कालोनी फेज एक निवासी पायल कारीगर चंद्रशेखर का खाता कार्पोरेशन बैंक में है। चंद्रशेखर के मुताबिक, वो 28 दिसंबर को कॉलोनी में ही बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
तीन बार में निकाले 25 हजार रुपये
वो रुपये निकाल ही रहे थे कि तीन युवक वहां पहुंचे और सहायता के बहाने उनका एटीएम कार्ड लेकर बदल दिया। आशंका है कि रुपये निकालने के दौरान दूसरे युवक ने उनका एटीएम कार्ड का पिन देख लिया। इसके बाद तीनों कार में चले गए।
20 मिनट बाद चंद्रशेखर के मोबाइल पर तीन बार में 25 हजार रुपये निकलने के मैसेज आए। उन्होंने अपना कार्ड ब्लाक कराया। इसके बावजूद आरोपियों ने एमजी रोड स्थित ब्रांडेड कंपनी के शोरूम से 32 हजार रुपये की शापिंग कर ली।
उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपियों ने 35 हजार की शापिंग की थी। मगर, उनके खाते से 32 हजार ही कट पाए। इस कारण आरोपियों ने अपने खाते से तीन हजार रुपये कटवाए थे। पुलिस जांच करे तो आरोपियों का पता चल सकता है।
दुकानदार ने नहीं दिखाई सजगता, बैंक कर्मियों की लापरवाही
चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपियों ने जिस शोरूम से शापिंग की, उसके संचालक ने एटीएम कार्ड से शापिंग करते समय किसी तरह का पहचान पत्र नहीं लिया। इतना ही नहीं कार्ड ब्लॉक होने के बावजूद शॉपिंग कैसे हो गई।
जब वो बैंक की शाखा में शिकायत करने गए तो शिकायत फार्म भी नहीं दिया गया। दो दिन बाद शिकायत दर्ज की गई। पुलिस से शिकायत पर भी सुनवाई नहीं हो रही है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तक नहीं निकलवाए गए हैं। पीड़ित ने आईजी आफिस में शिकायत की है।
सजग रहें
साइबर क्राइम सेल के एक्सपर्ट के मुताबिक, एटीएम से रुपये निकालते समय कोई मदद के लिए आए तो रुपये नहीं निकालने चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने कार्ड का पिन न बताएं। कार्ड भी हाथ में नहीं देना चाहिए। गार्ड वाले एटीएम में ही रुपये निकालने जाएं। रुपये निकालने के बाद कैंसल बटन जरूर दबाएं।