आगरा में औषधि विभाग ने लावारिस हाल में जब्त दवाओं की रिपोर्ट बना ली है। इसमें पांच कंपनियों को नोटिस देकर रिपोर्ट तलब की है। छह मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस देकर दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकाॅर्ड भी मांगे हैं।
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि फव्वारा में रविवार को सैंपल और एक बिना सैंपल की दवाओं से भरे छह कार्टन बरामद किए थे। इनमें बोकार्ड लिमिटेड, एरिस्टो फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, जीएस फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, खंडेलवाल लेबोरेटरी और मैक्लॉइटस फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की सैंपल की दवाएं थीं।
विभाग ने दवाओं के बैच नंबर, एक्सपायरी डेट समेत अन्य जानकारी की रिपोर्ट बनाकर कंपनी को भेज दी हैं। कंपनी से पूछा है कि ये दवाएं आपके यहां बनी हैं, अगर बनी हैं तो किसे जारी की गईं। क्या ये नकली हैं। इन सभी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्टन में 55 तरह की दवाएं मिली थीं, जिसमें 54 दवाएं सैंपल की थी।
छह मेडिकल स्टोरों की चल रही है जांच
औषधि विभाग ने चार दिन में छह मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर 20 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए हैं। इसमें न्यू भगवती मेडिकल एजेंसी, राजधानी ड्रग हाउस, ओम ड्रग हाउस, भगवती ड्रग सेंटर, तनु मेडिकल एजेंसी, विश्वनाथ फार्मा की जांच चल रही है। इनमें दवाओं की खरीद-बिक्री में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस दिए हैं। नमूनों की रिपोर्ट फेल होने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।