आगरा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत केंद्र सरकार की ओर से संचालित विद्यांजलि 2.0 कार्यक्रम में जिले के एक भी राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालय का पंजीकरण नहीं हुआ है। जबकि सभी विद्यालयों का पंजीकरण कराना है। 15 नवंबर को ही इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। योजना के तहत विद्यालयों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से काम कराया जाना है।
मंडल में आगरा और मैनपुरी की प्रगति शून्य है। जबकि फिरोजाबाद के 58 व मथुरा के 67 विद्यालय पंजीकृत हुए हैं। प्रदेश के कुल 1034 राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय पंजीकृत हो चुके हैं। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों में ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए उनकी जरूरतों के अनुसार उपकरण व संसाधन पंजीकृत स्वयंसेवकों से उपलब्ध कराना है। जिला विद्यालय निरीक्षक को इसके लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यांजलि 2.0 में जिले के सभी राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों का पंजीकरण और कार्यक्रम का क्रियान्वयन समय से कराने का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार का कहना है कि पंजीकरण कराने के लिए सभी विद्यालयों को निर्देश जारी कर दिया गया है।