बहुजन समाज पार्टी उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के हाथी सवार के नाम का औपचारिक एलान रविवार को कर देगी। उत्तर सीट से बसपा ज्ञानेंद्र गौतम पर दांव लगा रही है। आवास विकास कालोनी में 33 केवी सबस्टेशन के सामने मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए रविवार को गौतम को बसपा कार्यकर्ताओं के सामने पेश किया जाएगा। सपा ने ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए शहर की उत्तर और दक्षिण सीट पर ब्राह्मण प्रत्याशियों को उतारा है।
सपा के ब्राह्मण कार्ड के बाद बसपा भी ब्राह्मण वोटों पर नजरें टिकाए है। जिले में बसपा ने तीन ब्राह्मण प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। उत्तर सीट से ज्ञानेंद्र गौतम के नाम का एलान रविवार को होगा। इससे पहले पार्टी बाह से पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा और फतेहाबाद से उमेश सैंथिया के नाम का एलान कर चुकी है। 33 फीसदी टिकट ब्राह्मणों को देने के बाद बसपा अपने पुराने समीकरण के जुड़ने की उम्मीद बांध चुकी है। यही वजह है कि सपा से कुंदनिका शर्मा का टिकट फाइनल होने के बाद बसपा ने तमाम चर्चाओं के बाद भी प्रत्याशी के नाम का एलान पूर्व निर्धारित 24 अप्रैल को ही करने का निर्णय किया।
हाथी की सवारी छोड़ साइकिल चलाएंगे कई नेता
विधानसभा चुनाव का एलान अभी नहीं हुआ, लेकिन प्रत्याशियों के एलान के साथ ही अगले साल प्रस्तावित चुनाव की तैयारियों में नेता जुट चुके हैं। चंद रोज पहले भाजपा की कुंदनिका शर्मा ने दल बदल की शुरूआत करते हुए सपा का दामन थामा, तो वहीं सपा की साइकिल से हेमलता दिवाकर उतरकर भाजपा के पक्ष में पहुंच गईं। इसके बाद अब बसपा के कई नेता सपा का दामन थामने को तैयार हैं। बसपा के दिग्गज नेता के आगरा ग्रामीण सीट से प्रत्याशी बनने की चर्चाएं तेजी से उड़ी हैं, जबकि सपा संगठन में रहे व्यापारी नेता बसपा का दामन थामने की तैयारी में हैं। वह उत्तर सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
वर्जन
पार्टी छोड़ने की जिन लोगों की चर्चाएं चल रही हैं। वह निराधार हैं। वे पार्टी के निष्ठावान सिपाही हैं और बसपा को मजबूत करने में लगे हुए हैं।
सुनील कुमार चित्तौड़, जोनल कोआर्डिनेटर, बसपा